सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने जनभागीदारी जरूरी — यातायात नियमों के पालन पर अतिथियों का जोर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से “संदेशदूत बनकर” घर–परिवार तक जागरूकता पहुंचाने की अपील की रायगढ़। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में 01.01.2026 से 31.01.2026 तक मनाए गए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आज पुलिस सामुदायिक भवन परिसर में समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले स्कूली बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहभागी रहे शासकीय एवं गैर शासकीय संस्थाओं का जिला पुलिस द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित यातायात के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। मंच पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, पूर्व सभापति सुरेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक...