ग्राम ढोरम में घरघोड़ा विकासखण्ड स्तरीय शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ
घरघोड़ा:-ग्राम पंचायत ढोरम में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को विकासखण्ड स्तरीय शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य 5 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, नियमित टीकाकरण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.आर. पैकरा, बी.ई.टी.ओ. श्री विनोद एक्का, सेक्टर प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कया श्री तरुनसेन भोय, पर्यवेक्षक श्री सुनीराम राठिया, पर्यवेक्षक श्री रोहित कुमार डनसेना, श्रीमती राधा डनसेना, श्रीमती ललिता कड़ियाम, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, सरपंच ग्राम पंचायत ढोरम श्रीमती विमला भगत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को प्रत्येक 6 माह के अंतराल पर विटामिन-A की खुराक अनिवार्य रूप से पिलाई जाएगी। वहीं 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार आयरन सिरप दिए जाने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी की जाएगी।
अभियान के दौरान बच्चों का नियमित टीकाकरण, टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को आवश्यक टीके लगाना, 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन करना, कुपोषित बच्चों की पहचान तथा गंभीर कुपोषित बच्चों को आवश्यकतानुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कर उपचार कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में अभिभावकों को जागरूक करते हुए बताया गया कि विटामिन-A बच्चों में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने, शरीर में रक्त निर्माण में सहायता, आंखों से संबंधित रोगों से बचाव तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों द्वारा सामुदायिक स्तर पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.आर. पैकरा ने कहा कि शिशु संरक्षण माह का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नियमित वजन कराएं, समय पर टीकाकरण करवाएं, विटामिन-A एवं आयरन की निर्धारित खुराक दिलाएं तथा कुपोषण की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार उपचार एवं पोषण सेवाओं का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं ग्रामवासियों ने “शिशु संरक्षण माह का एक ही नारा, स्वस्थ बच्चा स्वस्थ गांव हमारा” के संदेश के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें