तिलक, पुष्पवर्षा और उत्साह के साथ पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय घरघोड़ा में हुआ नव सत्र का भव्य शुभारंभ
घरघोड़ा :- ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, घरघोड़ा में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ एवं प्रवेश उत्सव समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमामय वातावरण एवं पारंपरिक स्वागत के साथ किया गया। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की चहल-पहल, उत्साह और नई उमंगों से सराबोर नजर आया।
विद्यालय पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं का शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं मंगलकामनाओं के साथ स्वागत किया गया। भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों की पूजा-अर्चना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस आत्मीय स्वागत से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के SMDC अध्यक्ष श्री विजय शिशु सिन्हा, रंजीत कनोजिया तथा प्राचार्य संजय बहिदार एवं पूर्व पप्राचार्य संजय पंडा के करकमलों से छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा प्रदत्त निःशुल्क स्कूल ड्रेस एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। ड्रेस एवं पुस्तकों का वितरण होते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार बहिदार ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि -
"विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त केंद्र है। नया शैक्षणिक सत्र प्रत्येक विद्यार्थी के लिए नई आशाओं, नए सपनों और नई उपलब्धियों का द्वार खोलता है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत हमारा विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मैं सभी विद्यार्थियों से अपेक्षा करता हूं कि वे समय का सदुपयोग करें, नियमित अध्ययन करें और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करें। हमें विश्वास है कि इस वर्ष हमारे विद्यार्थी शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा कि शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाना विद्यालय की प्राथमिकता है तथा शिक्षकों का पूरा दल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर व्याख्याता संजय कुमार पंडा, डमरूधर पटेल, रजनी पंडा, प्रीती सिंह ठाकुर, संध्या सामंत, महिमा वर्मा, मनोज कुर्रे, प्रकाश पंडा, मीना नायक, लता जायसवाल, प्रभा शुक्ला, आकांक्षा पटनायक, प्रिया शर्मा, कार्तिकेश्वर यादव, दीक्षा शर्मा, दीपक कुजूर, गुलाब भास्कर, कंचनमाला सिन्हा, लता सिंह चंदेल, सबीना सोनी एक्का, श्वेता सिंह, चेतन देवांगन, लक्ष्मी जायसवाल, जान्हवी यादव, गीता पटेल, संध्या पटेल, योगेश दास, लच्छा जसवानी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने विद्यालय में नव ऊर्जा, सकारात्मक वातावरण और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति नई प्रतिबद्धता का संचार किया। विद्यार्थियों के स्वागत, निःशुल्क ड्रेस एवं पाठ्यपुस्तक वितरण तथा प्रेरणादायी संदेशों के साथ नए सत्र का शुभारंभ यादगार बन गया।








टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें