प्रतिभाओं को मिला सम्मान, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा का समर कैंप
घरघोड़ा :- पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय घरघोड़ा में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का आज भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन किया गया। समापन समारोह में समर कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस समर कैंप में विद्यार्थियों ने योग, खेलकूद, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, व्यक्तित्व विकास तथा रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सृजनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए यह साबित किया कि अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
समापन समारोह में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्राचार्य संजय कुमार बहिदार, मनोज कुर्रे, गीता पटेल, कंचनमाला सिन्हा, कमलेश पंडा, कार्तिकेश्वर यादव, श्वेता सिंह, लच्छा जसवानी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य संजय कुमार बहिदार ने कहा कि "समर कैंप बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का सशक्त माध्यम है। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती,
बल्कि खेल, कला, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस समर कैंप में बच्चों ने जिस उत्साह,
अनुशासन और लगन के साथ सहभागिता की है, वह निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगी। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।"
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों ने समर कैंप की सुखद स्मृतियों को साझा किया।








टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें