"हारमोनियम और तबले की मधुर संगत से गूंजा पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा, समर कैंप में बच्चों ने सीखे संगीत के सुर"
घरघोड़ा :- पीएम श्री शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) घरघोड़ा में आयोजित समर कैंप विद्यार्थियों के लिए सीखने, मनोरंजन और प्रतिभा निखारने का एक सशक्त मंच बनता जा रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रही विविध गतिविधियों के क्रम में आज विद्यार्थियों को भारतीय संगीत एवं वाद्य यंत्रों से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष संगीत सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने हारमोनियम एवं तबले की मधुर धुनों के बीच देशभक्ति गीतों और माँ सरस्वती वंदना का आनंद लिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध हारमोनियम वादक श्री हरिराम यादव एवं तबला वादक श्री नारायण माली ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की बारीकियों से अवगत कराया। दोनों कलाकारों ने न केवल वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन किया, बल्कि बच्चों को संगीत के महत्व, लय, ताल और सुरों की जानकारी भी दी। हारमोनियम और तबले की संगत पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत एवं माँ सरस्वती के भजन प्रस्तुत किए, जिससे विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय बहिदार ने अतिथि कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में भी रुचि विकसित करना आवश्यक है, क्योंकि यही गतिविधियाँ बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने समर कैंप के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में प्राथमिक खंड की प्रधान पाठक श्रीमती कंचनमाला सिन्हा, शिक्षिका तृप्ति ए. वर्गिस, लच्छा जसवानी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उक्त गतिविधि की जानकारी संस्था के कमलेश पंडा ने देते हुए बताया कि पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा में संचालित समर कैंप के दौरान प्रतिदिन विद्यार्थियों के लिए नई-नई शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल, योग, कला एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। समर कैंप में बच्चों की सक्रिय सहभागिता यह दर्शाती है कि वे इन कार्यक्रमों से न केवल सीख रहे हैं, बल्कि उनका भरपूर आनंद भी उठा रहे हैं।
विद्यालय में आयोजित इस संगीत सत्र ने विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ संगीत के प्रति उनकी रुचि को भी नई दिशा प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजनों की अपेक्षा जताई।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें