स्वास्थ्य के क्षेत्र में रायगढ़ जिले की बड़ी उपलब्धि:-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) सर्टिफिकेशन

16 और 17 अप्रैल 2026 को केंद्रीय टीम ने किया था स्वास्थ्य केंद्र का कड़ा मूल्यांकन

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों की देखभाल और कुशल प्रबंधन की कसौटी पर खरा उतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा अस्पताल

घरघोड़ा:- रायगढ़ जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं और उच्च स्तरीय प्रबंधकीय व्यवस्था के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) सर्टिफिकेशन से नवाजा गया है।

गौरतलब है कि बीते 16 एवं 17 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं (सेंट्रल टीम) द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा का सघन एवं कड़ा मूल्यांकन किया गया था। इस मूल्यांकन में अस्पताल के विभिन्न विभागों, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, लैब, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, स्वच्छता, टीकाकरण, परिवार नियोजन कार्यक्रम, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी उन्मूलन, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और रिकॉर्ड संधारण की बारीकी से जांच की गई थी। सभी मानकों पर शत-प्रतिशत खरा उतरने के बाद अस्पताल को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाण पत्र जारी किया गया है।

सामूहिक प्रयास और कुशल नेतृत्व से मिली सफलता

यह गौरवपूर्ण सफलता रायगढ़ जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निदेशन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के कुशल मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी के विशेष सहयोग, उत्साहवर्धन में हासिल हुई है। डॉ.अनिल कुमार जगत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निरंतर स्वास्थ्य केंद्र की तैयारियों की समीक्षा की और टीम का मनोबल बढ़ाया।

इस राष्ट्रीय उपलब्धि में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, जिला नोडल डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. देवेंद्र गुर्जर सहायक श्री राघवेंद्र बोहिदार, श्री राजेश साहू एवं टीम पुसौर व डॉ दिनेश नायक का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने समय-समय पर गुणवत्ता सुधार के लिए तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

वहीं, जमीनी स्तर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. आर. पैकरा और ब्लॉक नोडल NQAS डॉ. विकास कुमार शर्मा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती मंजुलता कुजूर के कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व में पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा के सभी चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, चिरायु टीम, पर्यवेक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आपसी तालमेल, अद्वितीय सहयोग और अथक प्रयास के चलते ही क्षेत्र को यह ऐतिहासिक सौगात मिली है।

अधिकारियों ने दी बधाई और शुभकामनाएं

इस बड़ी कामयाबी पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा:

"यह सर्टिफिकेशन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा की पूरी टीम की निष्ठा और कड़े परिश्रम का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर का यह प्रमाण पत्र मिलने से अब क्षेत्र की जनता को और भी अधिक गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हमारा लक्ष्य जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी इसी स्तर पर लाना है।"

सुश्री रंजना पैंकरा जिला कार्यक्रम प्रबंधनक और डॉ. राजेश मिश्रा ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि NQAS सर्टिफिकेशन मिलना रायगढ़ जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए एक मील का पत्थर है और इससे कर्मचारियों का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार