बीज निगम के हड़ताली दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने कृषि मंत्री से की मुलाकात

समस्याओं के शीघ्र निराकरण का मिला आश्वासन, हड़ताल अब भी जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर 5 मई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसी क्रम में हड़ताली कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं एवं लंबित मांगों को विस्तारपूर्वक रखा। कर्मचारियों ने मंत्री को बताया कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री के समक्ष वर्ष 2023 एवं 2024 की लंबित श्रम सम्मान निधि राशि का भुगतान तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए अंतिम संस्कार सहायता राशि ₹50,000 लागू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से श्रम सम्मान निधि का भुगतान लंबित होने से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों की पारिवारिक स्थिति अत्यंत कठिन हो गई है तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना भी मुश्किल हो रहा है।

कर्मचारियों ने कृषि मंत्री को यह भी अवगत कराया कि हड़ताल के कारण बीज निगम की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। बीज भंडारण, वितरण, स्टॉक प्रबंधन एवं विभिन्न समितियों में बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया बाधित हो रही है। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए समय पर समाधान नहीं होने की स्थिति में किसानों को बीज उपलब्धता संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य के बाहर से मंगाए जाने वाले बीजों की उपलब्धता, मांग एवं कमी का आकलन भी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। हड़ताल के कारण इन कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, जिससे बीज निगम की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।

मुलाकात के दौरान कृषि मंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा तथा जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। संघ ने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर पर शीघ्र सकारात्मक पहल होने से कर्मचारियों एवं किसानों दोनों को राहत मिलेगी। 

टिप्पणियाँ