पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा का समर कैंप बना बच्चों की प्रतिभा का मंच, खेल-कला-योग से निखर रहा भविष्य
घरघोड़ा :- स्थानीय पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा में आयोजित समर कैंप इन दिनों पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भीषण गर्मी और ग्रीष्मकालीन अवकाश के बावजूद विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों से गुलजार नजर आ रहा है। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी गुण, अनुशासन, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
प्रतिदिन सुबह से ही विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ विद्यालय पहुंच रहे हैं, जहां योगासन एवं व्यायाम के जरिए उन्हें स्वस्थ शरीर और मजबूत मानसिकता का महत्व सिखाया जा रहा है। बच्चों में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने के उद्देश्य से विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं खेलकूद गतिविधियों में बैडमिंटन, कबड्डी और खो-खो जैसे पारंपरिक एवं मनोरंजक खेल बच्चों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
समर कैंप में बच्चों की छुपी प्रतिभाओं को मंच देने का भी सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। पोस्टर निर्माण, चित्रकला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रंग-बिरंगे चित्रों और आकर्षक पोस्टरों ने विद्यालय परिसर को भी जीवंत बना दिया है। बच्चों की कल्पनाशक्ति और सृजनात्मक क्षमता को देखकर शिक्षक एवं अभिभावक भी बेहद प्रसन्न नजर आ रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल जैसी गतिविधियां भी कराई जा रही हैं। विद्यार्थी स्वयं पौधों में पानी देकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। यह पहल बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए प्रतिदिन जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों में अतिरिक्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानपाठक कंचन माला सिन्हा, श्वेता मैम एवं आकांक्षा मैम पूरे समर्पण, मेहनत और लगन के साथ बच्चों को प्रशिक्षण देकर समर कैंप को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
विद्यालय के प्राचार्य संजय बहिदार ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जून से 15 जून तक समर कैंप के दूसरे चरण का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें और भी नई गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को समर कैंप में अवश्य भेजें, ताकि बच्चे छुट्टियों का सदुपयोग कर नई-नई कलाएं सीख सकें और अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकें।
पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा का यह समर कैंप न केवल बच्चों के लिए मनोरंजन और सीखने का केंद्र बना हुआ है, बल्कि यह शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा निखारने का एक प्रेरणादायी मंच भी साबित हो रहा है।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें