छोटे नगर से बड़ी उड़ान: 97.83% के साथ एहसान अली ने प्रदेश टॉप-10 में बनाई जगह, घरघोड़ा में सम्मान
घरघोड़ा। नगर के सांई धाम में शिक्षा और सम्मान का प्रेरणादायक माहौल उस समय देखने को मिला, जब घरघोड़ा जामा मस्जिद कमेटी द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं युवाओं की अच्छी उपस्थिति रही
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधरी एवं थाना प्रभारी गौरव साहू उपस्थित रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण कक्षा 10वीं के प्रतिभाशाली छात्र एहसान अली रहे, जिन्होंने 97.83% अंक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की टॉप-10 सूची में 8वां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरा घरघोड़ा नगर एवं रायगढ़ जिला गौरवान्वित हुआ। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
सुरेन्द्र चौधरी ने इसे नगर के लिए गर्व की बात बताया।
गौरव साहू ने कहा कि मेहनत और अनुशासन से सफलता मिलती है।
शकील मोहम्मद ने शिक्षा को समाज की तरक्की का आधार बताया।
उस्मान बेग ने युवाओं को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
संजय पंडा (प्राचार्य) ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की अहम भूमिका होती है।
कमेटी अध्यक्ष ताहिर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद एहसान अली ने कहा कि इस सफलता का श्रेय वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और सभी मार्गदर्शकों को देते हैं तथा आगे भी मेहनत कर क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान व्याख्याता डमरूधर पटेल, मनोज कुर्रे एवं प्रीति सिंह ठाकुर को भी उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें