घरघोड़ा की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, इंडिगो एयरलाइंस में इंटरनेशनल एयर होस्टेस के रूप में हुआ चयन
घरघोड़ा - रायगढ़ जिले के छोटे से तहसील नगर घरघोड़ा की बेटी कु. शुभांगी बोहिदार ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। वार्ड नंबर 11 घरघोड़ा निवासी शुभांगी बोहिदार (उम्र 22 वर्ष) पिता मनीष बोहिदार एवं माता श्रीमती प्रतिभा बोहिदार की सुपुत्री हैं। उनके भाई का नाम सुयश बोहिदार है। शुभांगी प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं और वे घरघोड़ा के प्रसिद्ध चिकित्सक स्व. डॉ. राधेश्याम बोहिदार /श्रीमती कल्पना बोहिदार के वंशज तथा गंगाराम पटनायक और हीरामणी पटनायक की नातिन हैं।
बताया जा रहा है कि बचपन से ही शुभांगी ने विमानन क्षेत्र में जाने का सपना संजोया था। उन्होंने छोटी उम्र से ही यह लक्ष्य तय कर लिया था कि उन्हें एयरलाइन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनानी है। इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने रायपुर स्थित फ्रैंक फिन इंस्टीट्यूट ऑफ एयर होस्टेस ट्रेनिंग से एक वर्ष का एयर होस्टेस कोर्स किया। कठिन प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित इंडिगो एयरलाइंस के इंटरव्यू को सफलता पूर्वक उत्तीर्ण कर लिया।
इंटरव्यू में चयन होने के बाद इंडिगो के अधिकारियों ने उन्हें सीधे ट्रेनिंग के लिए गुरुग्राम (हरियाणा) में पोस्टिंग दी, जहां से वे अब एयरलाइन सेवा से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। विशेष बात यह है कि रायगढ़ जिले के छोटे से नगर घरघोड़ा से इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
कु. शुभांगी बोहिदार ने बी.एससी. (गणित) की पढ़ाई भी पूरी कर ली है। वर्तमान में उनका चयन इंटरनेशनल एयर होस्टेस के रूप में हुआ है और वे पिछले लगभग 4 महीनों से लगातार अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे घरघोड़ा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस उपलब्धि पर छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 2 के पार्षद श्याम भोजवानी ने शुभांगी बोहिदार को बधाई देते हुए कहा कि घरघोड़ा जैसे छोटे नगर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने शुभांगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह आगे बढ़ते हुए घरघोड़ा, रायगढ़ जिला और पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन करें।
शुभांगी की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। घरघोड़ा की इस प्रतिभाशाली बेटी की उपलब्धि आज पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें