रंगों में घुला संस्कार, प्रेम और एकता का अनुपम संगम*

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोतरा में गरिमामय होली मिलन समारोह संपन्न

रायगढ़ ।स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोतरा में होली मिलन समारोह अत्यंत गरिमामय, उल्लासपूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। प्राचार्य आर.सी. नवनीत एवं हेड मास्टर श्वेता सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रंगों का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और भाईचारे की अमूल्य भावना को सशक्त रूप से आगे बढ़ाना रहा।विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के समस्त स्टाफ ने नोडल अधिकारी वीर सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल, मधुर संगीत और आत्मीय मुस्कानों से सराबोर हो उठा, जहाँ हर चेहरे पर उल्लास और अपनत्व की चमक दिखाई दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रपाली के प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष अनिल नामदेव जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्था की पूर्व एचओडी श्रीमती शांति मिश्रा जी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और भी बढ़ा दिया। अतिथियों का स्वागत अबीर-गुलाल एवं मिठाई से किया गया तथा समस्त विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

 मुख्य अतिथि अनिल नामदेव जी ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि मन के विकारों को त्यागकर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को अपनाने का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल आपसी आत्मीयता को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी प्रगाढ़ करते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि जब शिक्षक और विद्यार्थी एक साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं, तो शिक्षा का वातावरण और अधिक सकारात्मक एवं ऊर्जावान बनता है। यह विद्यालय वास्तव में संस्कार और उत्कृष्ट शिक्षा का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहा है।

सजेस नोडल अधिकारी वीर सिंह ने समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को होली की हार्दिक बधाई एवंशुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हम सभी मिलजुलकर प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने संदेश दिया कि विद्यालय परिवार की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी सामूहिक भावना से हम शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रंग-गुलाल लगाकर भारतीय परंपरा का सुंदर निर्वहन किया और एकता एवं भाईचारे का प्रेरक संदेश दिया।पूरा विद्यालय परिवार रंगों की छटा में सराबोर होकर यह संकल्प लेते हुए दिखाई दिया कि हम सभी शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों की इस गौरवशाली परंपरा को भी निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।

यह होली मिलन समारोह न केवल हर्षोल्लास का अवसर बना, बल्कि आपसी आत्मीयता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायक उदाहरण भी सिद्ध हुआ। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार