रात में चला सख्त अभियान: 49 चालान काटे, तेज रफ्तार और फुल हॉर्न वालों पर गिरी गाज

घरघोड़ा - शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों की शिकायतों के बीच घरघोड़ा थाना प्रभारी  कुमार गौरव साहू एवं उनकी टीम ने कल रात सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 49 चालान काटे गए, जिसमें कई बड़ी गाड़ियों पर 10000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए और तेज गति से वाहन चलाने, फुल हॉर्न बजाकर आम लोगों को परेशान करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी। स्पीड में गाड़ियां दौड़ाने वाले और अनावश्यक हॉर्न बजाने वालों को मौके पर ही रोका गया और नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात तक चले इस अभियान में पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दी। बड़ी गाड़ियों सहित दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर लापरवाही और स्टंटबाजी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तेज रफ्तार और फुल हॉर्न से आम जनता को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

इस सख्त कदम से जहां नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से होती रहे तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और अनावश्यक हॉर्न बजाकर दूसरों को परेशान न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार