घरघोड़ा में भाजपा का मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का मिला मंत्र

घरघोड़ा :- भारतीय जनता पार्टी मंडल घरघोड़ा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, घरघोड़ा में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रवक्ता के रूप में विजय अग्रवाल, जतिन साव, अंशु टूटेजा,विकास केडिया एवं गोकुल यादव, महेश साव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली, संगठन की नीति और पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जो राष्ट्र सेवा और समाज हित के उद्देश्य से कार्य करता है और इसका प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

प्रवक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री हंस राज गुप्ता द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे प्रशिक्षण सत्र को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए वक्ताओं का परिचय कराया और कार्यक्रम को सफल बनाया।

मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीति, विचारधारा और कार्यशैली को समझने का अवसर मिलता है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सत्र 15 मार्च 2026, दिन रविवार को प्रातः 9 बजे से सरस्वती शिशु मंदिर, घरघोड़ा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मंडल के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ-कनिष्ठ कार्यकर्ता एवं भाजपा परिवार के सदस्य उपस्थित रहेंगे।


इस अवसर पर भाजपा मंडल घरघोड़ा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार