तमनार क्षेत्र के झींगोर परिसर में मादा हाथी शावक मृत मिला
घरघोड़ा :- कल दोपहर लगभग 02:00 बजे तमनार रेंज के झींगोल परिसर रक्षक द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि कक्ष क्रमांक 838 RF (आरक्षित वन) में एक मादा हाथी शावक का शव मिला है। सूचना मिलते ही उपवनमंडलाधिकारी (घड़गोड़ा), परिक्षेत्र अधिकारी (तमनार) और रेंज का स्टाफ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास हाथियों के पैरों के निशान, मल और मूत्र पाए गए हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि शावक के साथ हाथियों का झुंड मौजूद था। जमीन पर बने निशानों से ऐसा जान पड़ता है कि अन्य हाथियों द्वारा शावक को खींचने या हिलाने-डुलाने का प्रयास किया गया था। सघन खोजबीन के बाद भी मौके पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध वस्तु के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए प्रारंभिक शारीरिक परीक्षण और परिस्थितियों के आकलन के अनुसार, शावक की मृत्यु किसी प्रकार कमजोरी के कारण होना प्रतीत हो रही है।
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों की उपस्थिति में शावक का पोस्टमार्टम संपन्न किया गया है। विभाग का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और लैब जांच के परिणाम आने के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें