पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा में “आरोहण” सांस्कृतिक प्रदर्शनी व वार्षिक उत्सव 10 फरवरी को — छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर, प्रतिभाओं का होगा भव्य प्रदर्शन
घरघोड़ा :- पीएम श्री सेजेस घरघोड़ा में 10 फरवरी 2026, दिन मंगलवार को प्रातः 11:00 बजे विद्यालय खेल मैदान में आयोजित होने जा रहा “आरोहण” सांस्कृतिक प्रदर्शनी एवं वार्षिक उत्सव इस वर्ष भी भव्यता, गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित होने वाला है। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण निर्मित हो चुका है। विद्यालय रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित हो रहा है, वहीं छात्र-छात्राएँ अपनी प्रस्तुतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत घरघोड़ा के अध्यक्ष सहनु पैंकरा उपस्थित रहने वाले हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में डी. पी. अधिकारी (आईएएस, एसडीएम घरघोड़ा) समारोह की शोभा बढ़ाने वाले हैं। साथ ही के. वी. राव (डीईओ, रायगढ़) एवं आलोक स्वर्णकार (डीएमसी, रायगढ़) विशेष अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे। जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करने वाली है।
विद्यालय के प्राचार्य संजय पंडा बताते हैं कि “आरोहण” वार्षिक उत्सव विद्यालय की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। वे कहते हैं कि इस आयोजन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. वी. राव का सतत मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है तथा आलोक स्वर्णकार, डीएमसी रायगढ़ भी निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिल रही है।
प्राचार्य के अनुसार पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता से बच्चों का आत्मविश्वास विकसित होता है, नेतृत्व क्षमता बढ़ती है तथा मंचीय अनुभव प्राप्त होता है। यही अनुभव उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विद्यालय परिवार कई दिनों से निरंतर तैयारियों में जुटा हुआ है। शिक्षकगण विद्यार्थियों को प्रस्तुति, अनुशासन एवं मंच संचालन का प्रशिक्षण दे रहे हैं। छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है और सभी प्रतिभागी पूरे मनोयोग से अभ्यास कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन हर वर्ष निरंतर आयोजित होते रहे हैं और आगे भी इसी भव्यता के साथ आयोजित होते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का निरंतर अवसर मिलता रहे तथा विद्यालय का शैक्षणिक-सांस्कृतिक वातावरण सुदृढ़ होता रहे।
प्राचार्य संजय पंडा ने नगर के सभी गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षा प्रेमियों एवं पालकगण से निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों का अवलोकन करें तथा उनका उत्साहवर्धन करें।
विद्यालय परिवार को विश्वास है कि “आरोहण” का यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति, कला और प्रतिभा का ऐसा संगम सिद्ध होगा, जो उपस्थित जनसमुदाय के लिए यादगार अनुभव बनेगा।










टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें