सफलता के अखाड़े में छर्राटांगर की राधिका राठिया: ट्रायल्स में जीत दर्ज कर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए चयनित
घरघोड़ा । एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) छर्राटांगर की उपलब्धियों में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। विद्यालय की होनहार छात्रा राधिका राठिया (कक्षा 11) ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (KITG) 2026 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
7 जनवरी 2026 को आयोजित इन ट्रायल्स में राधिका ने कुश्ती के 76 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। उनकी तकनीक और शारीरिक क्षमता ने उन्हें सीधे राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का टिकट दिला दिया है। अब राधिका 14 फरवरी से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित होने वाले देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ऐतिहासिक मेजबानी और जनजातीय गौरव
यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह देश का पहला 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' है। बिलासपुर के स्वर्गीय बी. आर. यादव खेल परिसर में 14 फरवरी से शुरू होने वाले इन खेलों का लक्ष्य जनजातीय युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। राधिका जैसी छात्राओं की सफलता इस मिशन की सार्थकता को सिद्ध करती है।
प्राचार्य ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों का जताया आभार
राधिका की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य मनीराम जांगड़े ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यालय को मिल रहे निरंतर सहयोग के लिए रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी जी, एवं सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) श्रीकांत दुबे जी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य ने कहा कि इन सभी मार्गदर्शकों का समय-समय पर विद्यालय भ्रमण और छात्रों को दिया जाने वाला
प्रोत्साहन ही आज सुखद परिणाम के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भी सराहना की जो दिन-रात एक करके छात्रों को हर संभव प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन के कारण ही आज छर्राटांगर के छात्र 'सितारे' बनकर पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी चमक बिखेर रहे हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें