पूर्व छात्र सम्मेलन में उमड़ा गौरव और विकास की सौगात
पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में भव्य आयोजन
घरघोड़ा :- पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में पूर्व छात्र सम्मेलन का भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया के मुख्य आतिथ्य, अनुविभागीय अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी की अध्यक्षता एवं
अशोक पंडा के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके पूर्व विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था वर्षों से क्षेत्र को योग्य, संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक प्रदान करती आ रही है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ मूल्यों और अनुशासन को भी जीवन की सफलता का आधार बताया। इसी क्रम में उन्होंने विद्यालय में महिला शौचालय निर्माण की घोषणा की, जिससे शालेय परिवार सहित छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनुविभागीय अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में परोपकार, सामाजिक दायित्व एवं शिक्षा के व्यापक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल रोजगार का साधन न मानकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाएं। उनके विचारों ने उपस्थित सभी लोगों के मन को गहराई से प्रभावित किया।
विशिष्ट अतिथि अशोक पंडा ने विद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र सुनील ठाकुर, नीरज शर्मा, उस्मान बेग, राजेंद्र शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र पंडा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी पूर्व छात्रों ने मंच से विद्यालय के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और वर्तमान विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टॉफ एवं सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और गौरवपूर्ण वातावरण बना रहा।
उक्त जानकारी कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कमलेश पंडा ने दी। उन्होंने बताया कि यह पूर्व छात्र सम्मेलन अत्यंत भव्य, सफल और प्रेरणादायी रहा, जिसने विद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया।
समापन अवसर पर विज्ञापन संस्था के प्राचार्य संजय पंडा ने मंच से सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें