शिव शर्मा पुनः बने कांग्रेस कमेटी घरघोड़ा के ब्लॉक अध्यक्ष, संगठन के साथ समाजसेवा का भी मजबूत चेहरा
घरघोड़ा :- घरघोड़ा कांग्रेस संगठन को एक बार फिर अनुभवी और जमीनी नेता का नेतृत्व मिला है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिव शर्मा को पुनः कांग्रेस कमेटी घरघोड़ा का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए जाने से पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों में भी इस निर्णय को लेकर खुशी की लहर देखी जा रही है।
शिव शर्मा केवल एक राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में भी उनकी अलग पहचान है। वे हर वर्ग के लोगों के दुख-दर्द में बिना भेदभाव खड़े उतरते हैं। चाहे किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता हो, सामाजिक संकट हो या जनसमस्याओं से जुड़ा मामला—शिव शर्मा हमेशा आगे रहकर मदद करते नजर आते हैं। यही कारण है कि उन्हें जनता का भरपूर स्नेह और विश्वास प्राप्त है।
उनकी पुनर्नियुक्ति को संगठनात्मक अनुभव, निष्ठा और जनता से सीधा जुड़ाव का परिणाम माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में पूर्व में भी घरघोड़ा ब्लॉक कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है और संगठन को मजबूती प्रदान की है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री लालजीत राठिया एवं खरसिया विधानसभा विधायक श्री उमेश पटेल ने शिव शर्मा को पुनः ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों विधायकों ने कहा कि शिव शर्मा एक कर्मठ, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी घरघोड़ा क्षेत्र में और अधिक सशक्त होगी।
पुनर्नियुक्ति की खबर मिलते ही घरघोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर एवं आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। जगह-जगह बधाई संदेशों का सिलसिला चलता रहा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शिव शर्मा के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी जन-जन तक अपनी आवाज़ मजबूती से पहुंचाएगी।
इस अवसर पर शिव शर्मा ने पार्टी नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और आम जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
शिव शर्मा की पुनः नियुक्ति को घरघोड़ा क्षेत्र में कांग्रेस के लिए एक मजबूत और सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे संगठन के साथ-साथ सामाजिक सेवा की भावना को भी नई दिशा मिलेगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें