ग्रामीण सड़कों के विकास से बदलेगी रायगढ़ की तस्वीर, धरमजयगढ़–घरघोड़ा अंचल को मिली बड़ी सौगात
घरघोड़ा । ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए धरमजयगढ़ एवं घरघोड़ा ब्लॉक की कई जर्जर और वर्षों से उपेक्षित सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। यह सौगात न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार देगी। ग्रामीण सड़कों के इस बड़े विकास कार्य से आमजन में उत्साह का माहौल है।
इन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया गया है। वर्षों से सड़क सुविधा की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्णय किसी वरदान से कम नहीं है।
धरमजयगढ़ ब्लॉक में पखनाकोट से ठाकुरनगर (जोबी), सोहनपुर से सजवारी, घोघल से बकालो, पंडरापाठ से सकलो, धरमजयगढ़–रायगढ़ रोड से मेढरमार, काफरमार से भुंडीबहरी, सलका से डाहीडांड, दुर्गापुर (बोरो) से सलिहारी जैसी महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं घरघोड़ा ब्लॉक में फगुरम से लामडांड सड़क को भी स्वीकृति मिली है।
इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों, कृषि मंडियों और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। खासकर बरसात के मौसम में जो गांव मुख्य मार्गों से कट जाते थे, उन्हें अब राहत मिलेगी। किसान अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचा सकेंगे, वहीं विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से निजात मिलेगी।
इस पूरे विकास कार्य में रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया की सक्रिय भूमिका को क्षेत्रवासियों द्वारा सराहा जा रहा है। सांसद राठिया ने लगातार केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को मजबूती से रखा और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दिलाई। यही कारण है कि आज धरमजयगढ़ और घरघोड़ा अंचल को विकास की नई राह मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल रास्ता नहीं होती, बल्कि विकास की रीढ़ होती है। इन सड़कों के निर्माण से गांव-गांव में प्रगति पहुंचेगी और रायगढ़ जिला विकास के पथ पर और मजबूती से आगे बढ़ेगा।
अंत में क्षेत्र की जनता ने भारत सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार एवं सांसद श्री राधेश्याम राठिया का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगा।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें