शासकीय प्राथमिक शाला कसैया में बच्चों संग मनाया गया यादगार जन्मदिन समारोह — चित्रकला व हिंदी लेखन प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
घरघोड़ा। 14 अक्टूबर को शासकीय प्राथमिक शाला कसैया में एक उत्साहपूर्ण व प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपहल महिला समूह के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस विशेष अवसर पर विद्यालय में जन्मदिन समारोह, चित्रकला प्रतियोगिता एवं हिंदी भाषा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सृजनशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में TRN प्रमुख श्री वायु नंदन पाण्डेय, श्री सचिदानंद पटनायक एवं श्रीमती सुभाषिनी पटनायक शामिल रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन का उत्सव मनाया और उन्हें शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए।
अपने उद्बोधन में श्री वायु नंदन पाण्डेय जी ने अपने बचपन की सुनहरी यादों को साझा करते हुए भारतीय सेना में बिताए अपने अनुभवों और प्रेरणादायक किस्सों को बच्चों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि —
"शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा बल है, जो व्यक्ति को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है।”
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद श्री रितेश शर्मा तथा शिक्षा समिति के सदस्यगण भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनपहल महिला समूह एवं विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें