विश्वकर्मा पूजन महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, भव्य विसर्जन यात्रा आज

विश्वकर्मा पूजन महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, भव्य विसर्जन यात्रा आज

घरघोड़ा। नगर में इस वर्ष भी विश्वकर्मा पूजन महोत्सव बड़े ही धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। हरी क्रेन सर्विस घरघोड़ा के संचालक हरी चरण यादव विगत कई वर्षों से परंपरागत रूप से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने नगरवासियों के साथ मिलकर पूरे हर्षोल्लास से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर हो गया। विशेष पूजा अनुष्ठान के बाद नगरवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और धर्मलाभ लिया। भंडारे में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक भारी उत्साह के साथ शामिल हुए।

हरी चरण यादव ने बस स्टैंड कारगिल चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास प्रतिमा स्थापित की थी। यहां दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे थे।

इधर, आज विश्वकर्मा महोत्सव का विशेष आकर्षण भव्य विसर्जन यात्रा होगी। प्रतिमा को सजे-धजे रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। डीजे, ढोल, बाजा-गाजा कर्मा नृत्य के साथ और जयघोष के साथ विसर्जन यात्रा का माहौल देखने लायक होगा। 

यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बगमुड़ा तालाब पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

पूरे आयोजन में नगरवासियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग देखने को मिला। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से ओतप्रोत विश्वकर्मा पूजन महोत्सव ने घरघोड़ा नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को नई ऊर्जा से भर दिया है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार