आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत डिप्टी डायरेक्टर ट्राइफेड ने किया भेंडरा एवं ढोरम ग्राम का निरीक्षण
घरघोड़ा। घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम भेंडरा एवं ढोरम में शुक्रवार को आदि कर्मयोगी अभियान की प्रगति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने हेतु डिप्टी डायरेक्टर ट्राइफेड एवं जिला प्रभारी श्री नरेश भुंगरा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का स्थल निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम मिशन टीम से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण कार्यक्रम में जनपद पंचायत घरघोड़ा के सीईओ,विनय चौधरी,जिला नोडल अधिकारी धर्मेंद्र बेस, आसिफ खान, सुश्री यमुना सिदार एवं श्री नवीन यादव सहित भेंडरा एवं ढोरम ग्राम की मिशन टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्राम में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की तथा लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और पारदर्शिता की जानकारी ली।
इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर श्री भुंगरा ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान आदिवासी समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आजीविका संवर्धन, हस्तशिल्प, लघु वनोपज मूल्य संवर्धन तथा स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने ग्राम स्तरीय मिशन टीमों को और सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया तथा सभी को समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर प्रशिक्षण, मार्केटिंग सहायता तथा आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाएँ सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने विश्वास जताया कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने में ठोस परिणाम सामने आएँगे।
ग्रामवासियों ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अभियान से उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं और पारंपरिक हस्तकला एवं आजीविका को नए बाजार की दिशा मिल रही है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें