घरघोड़ा में नाबालिग चालकों की रफ्तार बनी खतरा, स्कूली छात्र सुरक्षित नहीं – प्रशासन मौन

घरघोड़ा – कस्बे में इन दिनों दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है। हाल ही में सामने आई एक दर्दनाक घटना ने प्रशासन की लापरवाही और स्थानीय व्यवस्था की पोल खोल दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घरघोड़ा क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बालक को नाबालिग वाहन चालक ने तेज गति से बाइक चलाते हुए ठोकर मार दी। हादसे में मासूम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।



नाबालिग हाथों में बाइक, सड़क पर खतरा

घरघोड़ा नगर की सड़कों पर आए दिन स्कूली ड्रेस पहने नाबालिग छात्र बाइक और स्कूटी दौड़ाते देखे जाते हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि ये बच्चे महज़ 13 से 16 वर्ष की उम्र में 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन चला रहे हैं। इससे न सिर्फ़ उनकी जान पर संकट है बल्कि राहगीरों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी यह किसी बड़े खतरे से कम नहीं।

प्रशासन बेपरवाह – लोग डरे सहमे

लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत और घटनाओं के बाद भी प्रशासन और पुलिस व्यवस्था में कोई सख़्ती नहीं दिख रही है। नगरवासियों का आरोप है कि ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं लेकिन पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। स्थिति यह है कि हर दिन स्कूली समय में घरघोड़ा की गलियों और मुख्य सड़कों पर नाबालिग छात्र तेज गति से बाइक दौड़ाते नज़र आते हैं।

जनता की मांग – स्कूलों के सामने बनें स्पीड ब्रेकर

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर के सभी प्रमुख स्कूलों के सामने तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि तेज रफ्तार वाहनों को रोका जा सके। साथ ही, नाबालिग बच्चों के अभिभावकों पर कठोर कार्रवाई की जाए, क्योंकि नाबालिग को वाहन देना सीधे-सीधे कानून का उल्लंघन है।

यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो…

नगरवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन इस पर कड़ी कार्रवाई नहीं करता तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना घट सकती है। सड़क पर पैदल चलना, बच्चों का स्कूल आना-जाना और दुकानों तक पहुँचना भी असुरक्षित हो गया है। लोग आशंकित हैं कि आने वाले समय में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार