धान की फसल पर संकट गहराया, खाद के अभाव से किसान बेहाल – कांग्रेस ने प्रशासन को दी चेतावनी

धान की फसल पर संकट गहराया, खाद के अभाव से किसान बेहाल – कांग्रेस ने प्रशासन को दी चेतावनी

घरघोड़ा। धान की बुआई और रोपाई के बाद खेतों में इस समय सबसे बड़ी जरूरत खाद की है, लेकिन घरघोड़ा क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी मेहनत और फसल दोनों पर संकट गहराने लगा है। सहकारी सोसाइटियों में यूरिया और डीएपी जैसी आवश्यक खाद का टोटा बना हुआ है, जिससे किसान मजबूर होकर निजी दुकानों से कई गुना अधिक कीमत पर खाद खरीद रहे हैं। इससे खेती की लागत बढ़कर किसान की कमर तोड़ रही है।

किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घरघोड़ा ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान खरीफ सीजन में मांग के अनुरूप खाद की आपूर्ति नहीं होने से फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है। यदि तत्काल समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में हजारों किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को घेरते हुए कहा कि अन्नदाता को जिस समय खाद की सर्वाधिक आवश्यकता है, उस समय उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और किसानों के साथ सीधा अन्याय है। नेताओं ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले कुर्मीभौना सहित कई गांवों के किसानों ने खाद की समस्या पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी – “यदि सात दिवस के भीतर पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति किसानों तक नहीं पहुंचाई गई, तो कांग्रेस खेत-खलिहान से लेकर सड़कों तक उग्र आंदोलन छेड़ेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शासन की होगी।”

कांग्रेस ने साफ कहा है कि किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्नदाता की मेहनत और फसल से खिलवाड़ को किसी भी कीमत पर सहा नहीं जाएगा। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसान हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

गौरतलब है कि क्षेत्र के किसान पहले से ही महंगे डीजल, कीटनाशक और मजदूरी की बढ़ती लागत से परेशान हैं। अब समय पर खाद न मिलने से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। किसान संगठनों और कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिए हैं कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज होगा और यह बड़ा जनांदोलन का रूप ले सकता है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार