बगमुड़ा तालाब में चला महाविद्यालय का महाअभियान – छात्र-छात्राओं ने दिखाया जज्बा, गंदगी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश
बगमुड़ा तालाब में चला महाविद्यालय का महाअभियान – छात्र-छात्राओं ने दिखाया जज्बा, गंदगी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश
घरघोड़ा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत डॉ. भंवर सिंह पोर्ते कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय घरघोड़ा के छात्र-छात्राओं ने बगमुड़ा तालाब की सफाई कर एक मिसाल कायम की। तालाब की गंदगी को साफ करने में लड़के-लड़कियों ने मिलकर ऐसा श्रमदान किया जिसने पूरे क्षेत्र को प्रेरणा दी।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत प्राचार्य जगदीश तिर्की, उपप्राचार्य एस.एल. साहू, एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर, स्विप प्रभारी राम प्यारे सूर्यवंशी की उपस्थिति में हुई। इस दौरान मोहित सिंह सिदार, दुर्गेश स्वर्णकार, रजनी सिदार, नैना टोप्पो सहित अनेक छात्र-छात्राएँ पूरे उत्साह से जुड़ गए।
अभियान में एक ओर लड़के तालाब की गहराई से कचरा और गंदगी खींच-खींचकर निकाल रहे थे, तो दूसरी ओर छात्राएँ पूरी ताकत से उन गंदगी के ढेर को ट्रैक्टरों में उठाकर भर रही थीं। सबने मिलकर घंटों तक श्रमदान किया और तालाब को कचरे से मुक्त करने में बड़ा योगदान दिया।
वरिष्ठ छात्र-छात्राओं राहुल बैरागी, शिवराज, शंकर, सुनीता, भानु सहित सैकड़ों युवाओं ने न केवल तालाब की गंदगी को बाहर निकाला बल्कि आसपास की सफाई कर लोगों को भी जागरूक किया कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी है।
प्राचार्य जगदीश तिर्की ने छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा – “आज हमारे विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि जब युवा शक्ति एकजुट होती है तो कोई भी कठिन काम आसान हो जाता है। बगमुड़ा तालाब घरघोड़ा की जीवनरेखा है, इसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की यह मेहनत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देगी।
सचमुच, बगमुड़ा तालाब की इस सफाई ने यह संदेश दिया है कि जब समाज के युवा अपनी ताकत और उत्साह के साथ आगे आते हैं तो गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही जैसी चुनौतियाँ भी हार मान लेती हैं।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें