जिला स्तरीय कला उत्सव में घरघोड़ा ब्लॉक के बच्चों की शानदार प्रतिभा का जलवा, रंगोली से लेकर नृत्य और वादन तक हर मंच पर लहराया परचम

जिला स्तरीय कला उत्सव में घरघोड़ा ब्लॉक के बच्चों की शानदार प्रतिभा का जलवा, रंगोली से लेकर नृत्य और वादन तक हर मंच पर लहराया परचम

घरघोड़ा, । 30 अगस्त2025 जिला स्तरीय कला उत्सव सह वाद-विवाद प्रतियोगिता में घरघोड़ा ब्लॉक के बच्चों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि समूचे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हो गया। इस अवसर पर घरघोड़ा के नन्हें कलाकारों ने विभिन्न विधाओं में भाग लेकर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएँ भी किसी से पीछे नहीं हैं। आयोजन अनुविभागीय अधिकारी घरघोड़ा के कुशल मार्गदर्शन और विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार सिंह, बीआरसी श्री मनोज कुमार प्रधान तथा बीपीओ श्री आशीष शर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से रंग बिखेर दिए। रंगोली प्रतियोगिता में कन्या शाला घरघोड़ा की छात्राएँ प्राची बिशी और प्रिया चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबका दिल जीत लिया। त्रिआयामी मूर्तिकला प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा टेंडा के छात्र लव कुमार बेहरा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समूह नृत्य में शासकीय हाई स्कूल बहिरकेला की मंदाकिनी राठिया और उनकी टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, वहीं एकल नृत्य में पीएम श्री विद्यालय सेजेस घरघोड़ा की छात्रा दीपांजलि राठिया ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से तृतीय स्थान प्राप्त कर सबको प्रभावित किया। इसके अलावा वादन प्रतियोगिता में भी पीएम श्री विद्यालय सेजेस घरघोड़ा ने तृतीय स्थान अर्जित कर घरघोड़ा ब्लॉक का मान बढ़ाया।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार सिंह ने बच्चों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की कला और प्रतिभा का सर्वांगीण विकास आवश्यक है और ऐसे अवसर उन्हें आत्मविश्वास तथा भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बच्चों के लिए आगे भी ऐसे मंच उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी रचनात्मकता को और निखार मिल सके।

जिला स्तरीय इस आयोजन को सफल बनाने में ब्लॉक नोडल प्रकाश कुमार पंडा, सहायक लता जायसवाल और विभिन्न विद्यालयों के प्रभारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ब्लॉक नोडल पंडा ने जानकारी देते हुए कहा कि घरघोड़ा ब्लॉक के बच्चों ने जिस उत्साह और समर्पण से प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, वह आने वाले समय में और भी बड़ी सफलताओं का आधार बनेगा।

घरघोड़ा ब्लॉक के बच्चों की यह शानदार उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। कला उत्सव में मिली इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि सच्चे मार्गदर्शन और मेहनत से ग्रामीण अंचल के बच्चे भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चोरी हुआ ट्रैक्टर घरघोड़ा पुलिस ने जंगल से बरामद किया, चार आरोपी गिरफ्तार