घरघोड़ा में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन* 26 अगस्त से गूंजेगा नगर, पितृमोक्षार्थ ज्ञानयज्ञ में जुटेंगे श्रद्धालु
घरघोड़ा में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन*
26 अगस्त से गूंजेगा नगर, पितृमोक्षार्थ ज्ञानयज्ञ में जुटेंगे श्रद्धालु
घरघोड़ा। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर वातावरण में इस बार घरघोड़ा नगर एक विराट आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। आगामी 26 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक लैलूंगा रोड स्थित (शिब्बू फड़) पर पितृमोक्षार्थ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ होगा।
कथा वाचन हेतु गया धाम, बिहार से आचार्य श्री ब्रजेन्द्र कुमार मिश्रा (विजय कुमार जी) व्यास पीठ पर विराजमान होकर अपनी अमृतवाणी से प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से सायं सात बजे तक श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएँगे। मंगलाचरण और भव्य कलश यात्रा के साथ यह आयोजन प्रारंभ होगा, जिसमें नगर की गलियाँ शंख-घंटियों की गूंज और भक्ति गीतों से मुखरित होंगी।
सप्ताहभर चलने वाली कथा में भक्तगण कपिलोपाख्यान, प्रह्लाद चरित्र, गजेन्द्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, महारास, कंस वध और रुक्मणी विवाह जैसे दिव्य प्रसंगों का श्रवण करेंगे। एक सितम्बर को कथा का समापन सुदामा चरित्र एवं पूर्णाहुति के साथ होगा।
कथा स्थल पर प्रतिदिन प्रसाद वितरण होगा, वहीं 26 सितम्बर को विशाल महाभंडारे का आयोजन भी रखा गया है।
इस आयोजन की प्रेरणा कुल देवी देवसर माता और कुल देवता जगन्नाथ बाबा के आशीर्वाद से प्राप्त हुई है। संपूर्ण आयोजन का दायित्व श्रीमित्तल (भड़ेच) परिवार, भवानी वाले, घरघोड़ा ने संभाला है। परिवार ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस धार्मिक महोत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करें।
स्वागताकांक्षी के रूप में लता मित्तल – रतनलाल मित्तल, रितु मित्तल – राजेश मित्तल, रश्मि मित्तल – राकेश मित्तल, मीना मित्तल – मनीष मित्तल, कोमल मित्तल – दिनेश मित्तल, बिनिता मित्तल – उमेश मित्तल, अंजू मित्तल – मनोज मित्तल, पनूम मित्तल – मुकेश मित्तल, उषा मित्तल, मुक्ति मित्तल, पूजा मित्तल – शरद मित्तल, पवन मित्तल एवं समस्त मित्तल (भड़ेच) परिवार श्रद्धालुओं के स्वागत को आतुर हैं।
इस भव्य आयोजन के साथ घरघोड़ा की पावन धरा पर आस्था की गंगा बहेगी और पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबकर “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठेगा।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें