श्रद्धा और विकास का संगम - मां बैगिन डोकरी मंदिर परिसर का होगा कायाकल्प, सांसद राधेश्याम राठिया ने किया भूमिपूजन
घरघोड़ा :- घरघोड़ा नगर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र मां बैगिन डोकरी मंदिर परिसर के पास बनने वाले भव्य गार्डन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन शनिवार को पूरे विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार के सहयोग से आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया रहे, जिन्होंने पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया और गार्डन निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान सांसद ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास केवल सौंदर्यीकरण नहीं बल्कि समाज की आस्था, संस्कृति और पहचान को मजबूत करने का कार्य है। मां बैगिन डोकरी मंदिर क्षेत्र लोगों की श्रद्धा का केंद्र है और यहां बनने वाला गार्डन आने वाले समय में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि भाजपा सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है। धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं परंपरा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ ,विनय चौधरी, नगर पंचायत सीएमओ पुष्पा खलखो, अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, सीएचसी प्रतिनिधि सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। एन टी पी सी अखिलेश सिंह यादव वहीं जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार की ओर से ऋषिकेश शर्मा ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभाला और निर्माण कार्य की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
भूमिपूजन के बाद उपस्थित लोगों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास को लेकर खुशी जाहिर की। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं गार्डन निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरा होने जा रहा है। गार्डन निर्माण से मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ेगी, श्रद्धालुओं को बैठने एवं विश्राम की सुविधा मिलेगी तथा बच्चों एवं परिवारों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं नगरवासियों ने मां बैगिन डोकरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। भूमिपूजन
समारोह को लेकर नगर में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा और लोगों ने इसे घरघोड़ा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।








टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें